Jharkhand

बोकारो: जमीन विवाद से परेशान युवक ने टावर पर चढ़कर लगाई इंसाफ की गुहार, 6 घंटे बाद उतरा नीचे

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो डेस्क(BOKARO DESK): बोकारो के नावाडीह प्रखंड में बुधवार को एक युवक ने जमीन विवाद से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़कर अपना विरोध दर्ज कराया. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. युवक की पहचान 25 वर्षीय तारकेश्वर महतो के रूप में हुई है, जो अपने पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से परेशान था .

युवक का अपने परिजनों के साथ पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा है. उसका कहना है कि उसे जमीन में उसका अधिकार नहीं मिल रहा, इसके अलावा वह अपने लिए घर बनवाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस काम में भी उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. इसी नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया.

बुधवार सुबह युवक नावाडीह चौक स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, वहां भीड़ लग गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत की और उसकी शिकायतों को ध्यान से सुना. काफी देर तक समझाने और भरोसा दिलाने का प्रयास चलता रहा.

कई घंटों की बातचीत के बाद प्रशासन ने युवक को आश्वासन दिया कि जमीन से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और उसके अधिकारों से संबंधित विवाद को सुलझाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद युवक शांत हुआ और सुरक्षित नीचे उतर आया.

युवक के नीचे आने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की. अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद की पूरी जांच की जाएगी और सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.