☰
Jharkhand

साढ़े तीन डिसमिल जमीन को लेकर विवाद, बाउंड्री और मकान तोड़ने का आरोप, सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के हेसाबातू पूर्वी पंचायत के राजेंद्र नगर में साढ़े तीन डिसमिल जमीन को लेकर विवाद सामने आया है. जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है. एक पक्ष ने बाउंड्री और निर्माणाधीन मकान को तोड़ने, धमकी देने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं दूसरे पक्ष की मुस्कान परवीन ने जमीन जबरन हड़पने का आरोप लगाया है.

बताया जा रहा है कि विवादित जमीन अब्दुल समद ने वर्ष 2026 में खरीदी थी. जिसमें घर बना हुआ और बाउंड्री दिया हुआ था. इस जमीन पर मकान और अन्य निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष पर निर्माणाधीन मकान और बाउंड्री तोड़ने का आरोप लगाया गया है. घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है. वहीं मुस्कान परवीन का कहना है कि वे लोग पीड़ित हैं और उनके साथ अन्याय हो रहा है. दूसरी ओर आरिफ का आरोप है कि रंगदारी और तोड़फोड़ का मामला दर्ज हुआ है.जिसमें गिरफ्तारी के डर से झुठा आरोप लगा कर दबाव बनाकर प्रशासन और स्थानीय लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.

दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलों के साथ पुलिस के पास आवेदन दे रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामला मूल रूप से जमीन विवाद से जुड़ा है, इसलिए जमीन के स्वामित्व का फैसला पुलिस नहीं कर सकती. हालांकि तोड़फोड़ और रंगदारी से संबंधित शिकायत मिली है. सामने आए वीडियो में भी जमीन पर तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आ रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार