बोकारो (BOKARO): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई टिप्पणी पर पहले से ही देश भर में सियासी घमासान मचा हुआ है और भारतीय जनता पार्टी लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है. इस बीच झारखंड के बोकारो से कांग्रेस के एक और नेता का विवादित बयान सामने आया है, जिससे राजनीतिक पारा और अधिक चढ़ गया है.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सचिव सह प्रवक्ता मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद तीखा और अमर्यादित हमला बोला है. पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री पर देश बेचने का गंभीर आरोप लगाने के साथ-साथ उन्हें गैर-संस्कारी तक कह डाला. कहा कि बेशर्म आदमी देश का प्रधानमंत्री बना हुआ है. जब जर्सी गाय बोला था तो क्या यह मर्यादित भाषा थी. सियासत में लगातार गिरते स्तर और मर्यादा लांघने के इस मामले पर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है.
अपनी बातचीत के दौरान मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए उन पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अन्य नेताओं के खिलाफ की गई टिप्पणियां क्या शोभनीय थीं और ऐसे बयानों से देश आहत होता है. कांग्रेस नेता यहीं नहीं रुके और उन्होंने प्रधानमंत्री पर मातृभूमि का सौदा करने और देश को कलंकित करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए. इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इस पर बीजेपी की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आने की पूरी संभावना है.
अब मनोज कुमार के इस बयान के बाद झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है. पहले से ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद की चर्चा हो रही है. ऐसे में बोकारो के कांग्रेस नेता का यह बयान भी सियासी बहस का विषय बन गया है. अब इस मामले में भाजपा की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी. देखना होगा की इस बयान पर आगे क्या होता है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार
