बोकारो: झारखंड के पूर्व मंत्री स्व. माधवलाल सिंह के भतीजे सुरजलाल सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है. गुरुवार को जैसे ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, गोमिया के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई. चौक-चौराहों से लेकर चाय की दुकानों तक सिर्फ एक ही चर्चा है - सुरजलाल सिंह की कांग्रेस में वापसी. दरअसल, पूर्व मंत्री स्व. माधवलाल सिंह गोमिया ही नहीं, पूरे झारखंड में एक ईमानदार, जमीनी और कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते थे. गरीब-गुरबों की सेवा और साफ-सुथरी छवि ही उनकी पहचान थी. उनके निधन के बाद से गोमिया की जनता एक ऐसे ही जमीनी नेता की तलाश कर रही थी, जो उनकी विरासत को आगे बढ़ा सके. सुरजलाल सिंह के राजनीतिक मैदान में उतरते ही लोगों को लगने लगा है कि गोमिया का वो सपना अब शायद पूरा होने जा रहा है. कांग्रेस में उनकी वापसी को इसी नजरिए से देखा जा रहा है.
इस मौके पर सुरजलाल सिंह ने कहा कि मेरे चाचा माधवलाल सिंह जिस तरह गरीब-गुरबों की सेवा करते थे, मैं भी उनके नक्शेकदम पर चलकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करूंगा. गोमिया की जनता की सेवा ही मेरा पहला संकल्प है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुरजलाल सिंह की वापसी से गोमिया में कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले दिनों में यहां की राजनीति का समीकरण भी बदल सकता है.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट,
