बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत पलिहारी गुरूडीह पंचायत के नेहरू हाई स्कूल मैदान में स्थित सामुदायिक भवन को ध्वस्त कर उसी स्थान पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण किया गया है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा नियमों को ताक पर रखकर आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण किया गया है. साथ ही एक मजबूत और उपयोगी सामुदायिक भवन को बिना किसी ठोस कारण के ध्वस्त कर दिया गया.
ग्रामीणों के अनुसार नेहरू हाई स्कूल मैदान में पहले से एक सामुदायिक भवन मौजूद था, जो काफी मजबूत और दुरुस्त स्थिति में था. इस भवन का उपयोग क्षेत्र के लोग विभिन्न सामाजिक गतिविधियों, सार्वजनिक कार्यक्रमों तथा मैदान में आयोजित होने वाले खेलकूद कार्यक्रमों के दौरान करते थे.ग्रामीणो ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण के लिए संवेदक को कहीं अन्य उपयुक्त जगह नहीं मिल रही थी. इसी वजह से पुराने सामुदायिक भवन को तोड़कर उसी स्थान पर नया आंगनबाड़ी केंद्र भवन बना दिया गया.
ग्रामीणों ने कहा कि जब सामुदायिक भवन पहले से मौजूद था और अच्छी स्थिति में था, तो उसे ध्वस्त करने की आवश्यकता क्यों पड़ी. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संवेदक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने का मांग किया है. ग्रामीणों का कहना है कि पुराने सामुदायिक भवन को ध्वस्त करने का निर्णय किस आधार पर लिया गया और इसके लिए किस स्तर से अनुमति प्रदान की गई थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं के तहत निर्माण कार्यों में सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो.
रिपोर्ट : संजय कुमार/ गोमिया
