बोकारो (BOKARO): थर्मल के सीसीएल (CCL) कथारा एरिया स्थित गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में धनबाद सीबीआई (CBI) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है. शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में पहुंची सीबीआई की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया.
यह पूरा प्रकरण सात महीने पहले सर्वे विभाग से सेवानिवृत्त हुए जनता नगर निवासी रसूल जमा के पेंशन और सीएमपीएफ (CMPF) के बकाए भुगतान से जुड़ा हुआ है. आरोप है कि नौकरी से रिटायर होने के बावजूद दोनों क्लर्क फाइल आगे बढ़ाने और भुगतान की प्रक्रिया को पूरा करने के एवज में लगातार पैसों की मांग कर रहे थे. लंबे समय से दफ्तर के चक्कर काटकर परेशान हो चुके बुजुर्ग पूर्व कर्मी रसूल जमा ने तंग आकर इस मामले की शिकायत धनबाद स्थित सीबीआई भ्रष्टाचार निवारण शाखा में दर्ज कराई.
सीबीआई ने बिछाया जाल, केमिकल लगे नोटों से पकड़े गए आरोपी शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर एक पुख्ता रणनीति बनाई. योजना के तहत पीड़ित को केमिकल लगे हुए नोट देकर क्लर्कों के पास भेजा गया. जैसे ही रसूल जमा ने रिश्वत की रकम दोनों आरोपियों को सौंपी, पहले से मुस्तैद सीबीआई की टीम ने दोनों को रंगे हाथों धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ पूछताछ के लिए लेकर रवाना हो गई. इस अचानक हुई छापेमारी और गिरफ्तारी से परियोजना कार्यालय परिसर में दिनभर हड़कंप मचा रहा.
