☰
Jharkhand

CISF के सहायक कमांडेंट से चेन छिनतई, विरोध करने पर चाकू मारकर अपराधी फरार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सिटी पार्क के पास का है, जहां अपराधियों ने थाने से महज कुछ ही दूरी बीएसएल प्लांट में तैनात सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट हेरमन खेस को निशाना बनाया. एक अपराधी ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और विरोध करने पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिया हैं.

वॉक के दौरान बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, बीएसएल प्लांट में तैनात सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट हेरमन खेस सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान सिटी पार्क के पास एक अपराधी उनके नजदीक पहुंचा और गले से सोने की चेन छीनने लगा. सहायक कमांडेंट ने जब इसका विरोध किया, तो अपराधी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में वह घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गया.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना बीएस सिटी थाना से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर चिंता जताई जा रही है. बोकारो में चेन छिनतई की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. इस बार सुरक्षा बल के अधिकारी को निशाना बनाए जाने से मामला और गंभीर हो गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और घायल सहायक कमांडेंट को इलाज के लिए भेजा गया. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार