बोकारो (BOKARO): जिले में बीएसएल के सिक्योरिटी विभाग के जीएम आलोक चावला और उनके चालक विक्की यादव के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है. बीएसएलकर्मी अरविंद पासवान की पत्नी निकिता की शिकायत पर एससी-एसटी थाना पुलिस ने जीएम आलोक चावला और चालक विक्की यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. शिकायत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. वहीं, दूसरी ओर चालक विक्की यादव की शिकायत पर अरविंद पासवान के खिलाफ भी सिटी थाने में मारपीट, चोरी और छिनतई के आरोप में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है.
निकिता के अनुसार, उनके पति अरविंद पासवान को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित भी किया जाता था. इससे परेशान होकर अरविंद पासवान नौकरी छोड़ने तक की सोच रहे थे. इसी बीच, शिकायत के मुताबिक, नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के दौरान चालक विक्की यादव अरविंद पासवान को अपने साथ ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई. घटना में गंभीर रूप से घायल अरविंद पासवान को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है.
मामले को लेकर सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि निकिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, चालक विक्की यादव की शिकायत पर अरविंद पासवान के खिलाफ भी सिटी थाने में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
रिपोर्ट : संजीव कुमार
