☰
Jharkhand

BREAKING: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, ग्रामीणों ने गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य सड़क की जाम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के गोमिया में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य पथ को जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा.

घटना आईईएल थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ पुल के समीप शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है. मृतक की पहचान खम्बरा निवासी परमेश्वर मांझी के रूप में हुई है. स्थानीय मुखिया बंटी उरांव ने बताया कि परमेश्वर मांझी खम्बरा पंचायत के रहने वाले थे. शुक्रवार शाम वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक नई दोपहिया वाहन ने उनकी साइकिल को सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि परमेश्वर मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

परमेश्वर मांझी अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक की पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य पथ को जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की.

सड़क जाम की सूचना मिलने पर आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, गोमिया अंचल अधिकारी आफताब आलम और प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद लगभग दो घंटे बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया और यातायात सामान्य हुआ.

रिपोर्ट: संजय कुमार