☰
Jharkhand

Bokaro: बंद आवास का ताला-कुंडी काटकर 17 लाख के जेवरात ले उड़े चोर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो के सेक्टर-12 में चोरों ने बंद आवास को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. सेक्टर-12C स्थित आवास संख्या 3073 का ताला और कुंडी काटकर चोर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के वक्त घर के सभी सदस्य धनबाद के राजगंज में शादी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली. सूचना मिलने के बाद सेक्टर-12 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, आवास में रहने वाले राजेंद्र दास बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सीसीएस विभाग में कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने धनबाद के राजगंज गए हुए थे. घर खाली होने की जानकारी मिलने पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी अलमारी समेत अन्य सामानों को खंगाल डाला. इस दौरान करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण, तीन लाख रुपये के चांदी के जेवरात और बर्तन तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए.

गृहस्वामिनी आरती कुमारी ने बताया कि शादी समारोह से देर रात घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे आभूषण गायब थे. इसके बाद उन्होंने तत्काल सेक्टर-12 पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी. गृहस्वामी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना बुलाया गया है. बंद आवास में हुई इस बड़ी चोरी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

रिपोर्ट: संजीव कुमार