☰
Jharkhand

बोकारो: चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): जिले के गोमिया पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता. गोमिया पुलिस ने सूने घर को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है! पुलिस ने स्वांग में हुई बड़ी चोरी का उद्भेदन करते हुए तीन शातिर चोरों को धर दबोचा है. इनके पास से चोरी के 45 हजार रुपये नकद, मोबाइल और ताला तोड़ने वाले औजार बरामद हुए हैं. पीड़ित के द्वारा न्याय की गुहार लगाने के बाद एसपी बोकारो के निर्देश पर गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने तुरंत विशेष टीम बनाई. सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कच्छप की निगरानी में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को एक्टिव कर दिया.

गुप्त सूचना पर गांधीग्राम में हुई छापेमारी

मामला स्वांग क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से जुड़ा है. पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद बोकारो एसपी के निर्देश पर गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने विशेष टीम का गठन किया. सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कच्छप की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. साथ ही तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई.

इसी दौरान पुलिस को स्वांग गांधीग्राम के तीन युवकों की संलिप्तता की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन कुमार उर्फ लालजी पासी (19), लखिया पासी उर्फ मुंडला (20) और किशन पासी (22) के रूप में हुई है. तीनों स्वांग गांधीग्राम के रहने वाले हैं.

45 हजार रुपये और चोरी के औजार बरामद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सदस्य पहले घरों की रेकी करते थे. इसके बाद सुनसान घरों को चिह्नित कर ताला तोड़ते और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे.

पुलिस ने आरोपियों के पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन, 45 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं. इनमें एक पेचकस, ताला तोड़ने वाला लोहे का रॉड, एक तार कटर और एक प्लास शामिल है. बरामद नकदी में करन कुमार के पास से 30 हजार रुपये और लखिया पासी के पास से 15 हजार रुपये मिले हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और नकदी शिकायतकर्ता के हैं.

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

गोमिया सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कच्छप और थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी इलाके में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं. फिलहाल इस पहलू पर जांच जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों को राहत मिली है. अब देखना होगा की ऐसी घटना पर रोक लगती है या फिर दुबारा होती है.

रिपोर्ट- संजय कुमार