Jharkhand

बोकारो: रफ़्तार का कहर, ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

बोकारो: बोकारो जिला के पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां ट्रैक्टर की चपेट में आने से 23 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. घटना पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र के ऊपरघाट स्थित धोवईया गांव के समीप मुख्य सड़क की है. 

जानकारी के अनुसार बुधवार अहले सुबह धोवईया गांव निवासी 23 वर्षीय श्याम लाल हेम्ब्रम अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को धक्का मार दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंभीर चोट लगने से युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर धोवईया-पेक मुख्य सड़क को जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पेक नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है.

बोकारो,गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट