बोकारो (BOKARO): बोकारो में मामूली विवाद के बाद एक बेटे पर अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बीती रात 60 वर्षीय उर्मिला देवी का अपने 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि राजू कुमार ने कथित तौर पर अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी.
आरोप है कि बेटे ने लाठी-डंडे के अलावा लात-घूंसों से मां की जमकर पिटाई की. हमले में उर्मिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की जानकारी मिलने के बाद सेक्टर 12 थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की शुरुआत को लेकर पूछताछ कर रही है.
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भेजा गया. हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में भी इस वारदात को लेकर चर्चा और शोक का माहौल है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
