बोकारो(BOKARO): पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों और डैम पर साफ दिखाई देने लगा है. गरगा डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद पानी को नियंत्रित करने के लिए डैम के फाटक खोल दिए गए हैं. इसके बाद गरगा नदी उफान पर है. चास के भर्रा इलाके में हालात ऐसे हैं कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं.
गरगा डैम में बढ़ा पानी, खोले गए फाटक
लगातार बारिश के कारण गरगा डैम पानी से लबालब हो गया है. जलस्तर बढ़ने के बाद डैम प्रबंधन ने फाटक खोलकर पानी छोड़ना शुरू किया. इसका सीधा असर गरगा नदी पर पड़ा है और नदी का बहाव काफी तेज हो गया है.
भर्रा पुल के ऊपर से बह रहा पानी
चास के भर्रा इलाके में छोटे पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. बोकारो सेक्टर से भर्रा जाने के लिए बड़ा पुल मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग छोटे पुल से ही आना-जाना कर रहे हैं.
तेज बहाव के बीच पुल पार करना खतरनाक हो सकता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले भी यहां बाइक और लोगों के नदी में गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं.
खतरे के बावजूद नदी में नहा रहे लोग
हैरानी की बात यह है कि नदी के तेज बहाव के बावजूद कुछ लोग यहां स्नान भी कर रहे हैं. वहीं कई लोग पैदल और वाहन से पुल पार करते नजर आ रहे हैं. पानी के तेज बहाव को देखते हुए स्थानीय लोग इसे बड़ी लापरवाही बता रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने की बैरिकेडिंग की मांग
भर्रा निवासी तौफीक अली ने जिला प्रशासन से छोटे पुल के पास बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि पानी कम होने तक यहां वाहनों की आवाजाही रोकी जानी चाहिए, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो.
वहीं मोहम्मद करीम ने बताया कि बारिश के दिनों में यह पुल काफी खतरनाक हो जाता है. तेज बहाव के बीच यहां से गुजरने में डर लगता है. उन्होंने भी प्रशासन से पुल को तत्काल बंद करने की मांग की है.
फिलहाल गरगा नदी का बहाव तेज है. ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ ही लोगों से भी जोखिम उठाकर पुल पार नहीं करने की अपील की है.
रिपोर्ट - संजीव कुमार