बोकारो(BOKARO): BS सिटी थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. सेक्टर-2C स्थित सरकारी क्वार्टर नंबर 045 से बोकारो पुलिस लाइन में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) इमानुअल बास्की का शव बरामद किया गया है. क्वार्टर से आ रही दुर्गंध के बाद पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया.
दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-2C के क्वार्टर नंबर 045 से काफी देर से दुर्गंध आ रही थी. आसपास रहने वाले लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की सूचना बीएस सिटी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी आवास के अंदर दाखिल हुए. कमरे में ASI इमानुअल बास्की का शव पड़ा मिला.
गोड्डा के रहने वाले थे मृतक ASI
मृतक इमानुअल बास्की मूल रूप से गोड्डा जिले के रहने वाले थे. वह बोकारो पुलिस लाइन में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर तैनात थे और सेक्टर-2C स्थित सरकारी आवास में रहते थे. फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
इस मामले में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही ASI की मौत के कारणों का पता चल पाएगा.
रिपोर्ट- संजीव कुमार