☰
Jharkhand

बोकारो में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई! 2 आरोपी को किया गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. साइबर अपराधियों को फर्जी तरीके से SIM उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने दो POS एजेंट को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों एजेंटों ने जुलाई से अगस्त के बीच 180 से ज्यादा SIM साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे. हर SIM के बदले इन्हें 800 रुपये मिलते थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और चार SIM कार्ड बरामद किए हैं.

दरअसल, बोकारो के बरमसिया ओपी क्षेत्र से सामने आए इस मामले में साइबर पुलिस ने POS एजेंट प्रदीप दास और मुकेश गोप को गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदीप दास ने जुलाई से अगस्त के बीच 140 से ज्यादा, जबकि मुकेश गोप ने 42 SIM साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए हैं. ASP चास वेदांत शंकर के मुताबिक, दोनों एजेंट दूसरे लोगों के आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट लेकर SIM एक्टिवेट करते थे और फिर उसे साइबर अपराधियों तक पहुंचा देते थे. पूछताछ में दोनों ने पैसे के लालच में ऐसा करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, प्रत्येक SIM के बदले उन्हें 800 रुपये मिलते थे.

बता दें, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से Samsung Galaxy A17 5G और Realme 12X 5G मोबाइल फोन के साथ चार SIM कार्ड बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 39/2026 दर्ज कर BNS, IT Act और Telecom Act की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है. साइबर पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी करने वालों के साथ-साथ उन्हें SIM उपलब्ध कराने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है. पुलिस अब SIM उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और साइबर अपराधियों के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है. अब देखना होगा पुलिस और क्या खुलासे करती है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार