बोकारो: जिले के कथारा में जुआ के अवैध धंधे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया. गुप्त सूचना के आधार पर कथारा ओपी पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में एक साथ दबिश दी. पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ के अड्डों पर हड़कंप मच गया और जुआ खेल रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
दरअसल कथारा ओपी पुलिस को थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की. इस अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी, कथारा चार नंबर, बांध बस्ती, महलीबांध और भुरकुंडवा बस्ती में संचालित जुआ के अड्डों को निशाना बनाया गया.
पुलिस की टीम जैसे ही इन स्थानों पर पहुंची वहां जुआ खेल रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग मौके से भागने लगे. पुलिस ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों को पकड़ा और उन्हें सख्त हिदायत देने के बाद छोड़ दिया.
इस मामले में कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि जुआ के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चलाएगी. साथ ही, इस गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
कथारा पुलिस की इस कार्रवाई को जुआ के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में पुलिस का यह अभियान कितना प्रभावी साबित होता है.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट.
