बोकारो(BOKARO): बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में निजी सुरक्षा एजेंसियों के जरिए गार्डों की तैनाती की तैयारी का विरोध शुरू हो गया है. इस फैसले से करीब 400 होमगार्ड जवानों के रोजगार पर संकट मंडराने लगा है. होमगार्ड जवानों का कहना है कि वे पिछले करीब 46 वर्षों से प्लांट के अलग-अलग विभागों और प्रतिष्ठानों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. ऐसे में उनकी जगह निजी सुरक्षाकर्मियों को तैनात करना उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा असर डालेगा.
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
इस फैसले के खिलाफ झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में जवानों ने विरोध जताया है. जवानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. साथ ही BSL के सुरक्षा विभाग में निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों की तैनाती पर रोक लगाने की अपील की है.
पहले भी हो चुका है विरोध
होमगार्ड जवानों का आरोप है कि कुछ लोग निजी सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से प्लांट में गार्डों की तैनाती कराने की कोशिश कर रहे हैं. इसके लिए गृह रक्षकों के खिलाफ गलत और भ्रामक रिपोर्ट भी अधिकारियों को भेजी जा रही है. जवानों ने अपने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2010 और 2023 में भी इस तरह की कोशिश हुई थी, लेकिन तत्कालीन उपायुक्त ने इस पर रोक लगा दी थी.
रोजगार बचाने की मांग
होमगार्ड जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से BSL में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे में अचानक उन्हें हटाकर निजी एजेंसियों को जिम्मेदारी देना उचित नहीं है. जवानों ने जिला प्रशासन से उनके रोजगार को सुरक्षित रखने और इस मामले में जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है.
रिपोर्ट - संजीव कुमार