Jharkhand

बोकारो: तेनुघाट डैम के 9 गेट खोले गए, दामोदर नदी में बढ़ेगा पानी का स्तर! प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो में लगातार हो रही बारिश और तेनुघाट डैम में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध प्रबंधन ने बड़ा कदम उठाया है. डैम के आठ रेडियल गेट के साथ एक अंडर स्लुइस गेट भी खोल दिया गया है. गेट खोले जाने के बाद डैम से करीब 30,800 क्यूसेक प्रति सेकेंड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है. इतनी अधिक मात्रा में पानी के डिस्चार्ज के कारण दामोदर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है.

स्थिति को देखते हुए तेनुघाट बांध प्रमंडल की ओर से आसपास के इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में दामोदर नदी के किनारे जाने से बचें.

प्रशासन ने लोगों को नदी पार करने की कोशिश नहीं करने की भी हिदायत दी है. लगातार बारिश के बीच नदी में पानी बढ़ने से बहाव काफी तेज हो सकता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

नदी में मछली पकड़ने वाले मछुआरों और नाव चलाने वाले नाविकों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. उन्हें नदी में उतरने या नाव के जरिए आवागमन करने से फिलहाल बचने की सलाह दी गई है. पानी के बहाव और जलस्तर में अचानक बदलाव की स्थिति में मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

तेनुघाट बांध प्रमंडल के अधिकारी लगातार डैम के जलस्तर और पानी के बहाव पर नजर बनाए हुए हैं. बारिश की स्थिति और डैम में आने वाले पानी के आधार पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को संभावित खतरे से बचाना है.

दामोदर नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना दें. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है.

फिलहाल तेनुघाट डैम और दामोदर नदी के जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों की ओर से लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

रिपोर्ट: संजय कुमार