बोकारो: बोकारो जिला अंतर्गत गोमिया प्रखंड क्षेत्र के तुलबुल पंचायत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां दो बच्चों की मां अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई. घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और मासूम बच्चे अपनी मां के इंतजार में रो-रोकर बेहाल हैं. मामला तुलबुल निवासी टुनटुन केवट की पत्नी से जुड़ा है. पीड़ित पति के अनुसार उसकी 26 वर्षीय पत्नी बबीता कुमारी बीते आठ अक्टूबर की रात करीब साढ़े 8 बजे अचानक घर से बिना किसी को बताए निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी. टुनटुन ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2019 में हुआ था. पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद या मतभेद नहीं था. सब कुछ सामान्य चल रहा था. घटना की शाम बबीता अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ घरेलू कामकाज में लगी थी. बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं, एक 6 वर्ष का पुत्र और एक 3 वर्ष की पुत्री. मां के अचानक गायब होने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने पहले अपने स्तर से सभी रिश्तेदारों, आस-पड़ोस और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. अब परिवार को किसी अनहोनी का भय सता रहा है. थक-हारकर पीड़ित पति ने गोमिया थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट,
