बोकारो: थर्मल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की मौत के बाद उसकी मां ने तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.घटना 14 अक्टूबर की रात केएसपी कॉलोनी फेज-2 की है.
मृतक की मां पारो देवी ने बोकारो थर्मल थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो वह एसपी कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठने को मजबूर होंगी.
दरअसल युवक की मौत के बाद परिवार ने कंजकीरो निवासी एक महिला, उसकी मां और महिला के फुफेरे भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक की मां पारो देवी का आरोप है कि तीनों ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाया उससे पैसा वसूला है.बेटे को मानसिक पड़ताड़ित किया गया है. परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
मृतक की माँ का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि उनके बेटे की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो.
वहीं इस मामले में बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की ठोस कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट
