बोकारो(BOKARO): बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ का धरना और भूख हड़ताल छठे दिन भी जारी है. इस बीच, पांचवें दिन देर रात भूख हड़ताल पर बैठी गोमवती देवी की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें धरना स्थल से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया.
क्या कह रहे हैं डॉक्टर
सदर अस्पताल की चिकित्सक डॉ. राजश्री के मुताबिक, पांच दिनों से भूख हड़ताल पर रहने के कारण गोमवती देवी का ब्लड प्रेशर कम हो गया था, फिलहाल उनका इलाज किया गया है और उन्हें भोजन लेने की सलाह दी गई है. चिकित्सकों के अनुसार, अभी उनकी स्थिति ठीक है और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है. गौरतलब है कि गोमवती देवी, सीआईएसएफ के लाठीचार्ज के दौरान जान गंवाने वाले प्रेम महतो की मां हैं. वह अपने बेटे के परिवार को न्याय और विस्थापितों को नियोजन देने की मांग को लेकर अप्रेंटिस संघ के सदस्यों के साथ भूख हड़ताल पर बैठी हैं.
क्यों हो रहा है धरना
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में मुख्य रूप से नियोजन (नौकरी), विस्थापितों के अधिकार और कर्मचारियों की छंटनी/ग्रेडिंग सिस्टम को लेकर धरना और आंदोलन हो रहा है, इस आंदोलन के समर्थन में बोकारो की विधायक श्वेता सिंह सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि और कई विस्थापित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और धरने पर बैठे हैं. धरना और भूख हड़ताल पिछले छठे दिन से जारी है और लोगों अपनी मांग को लेकर अड़े हुए है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार