☰
Jharkhand

बोकारो: ड्यूटी पर महिला होमगार्ड की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो(BOKARO): ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद एक महिला होमगार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान 32 वर्षीय प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है. प्रतिमा 2018 बैच की होमगार्ड जवान थीं और कमलापुर कस्तूरबा विद्यालय में ड्यूटी कर रही थीं.

ड्यूटी के दौरान अचानक गिरीं प्रतिमा

बताया जा रहा है कि 9 जुलाई को ड्यूटी के दौरान प्रतिमा कुमारी को अचानक लकवा का अटैक आया और वह मौके पर ही गिर गईं. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में चास के कृष्णा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने लकवा का अटैक बताया.

हालत को देखते हुए प्रतिमा को इलाज के लिए रांची ले जाया गया. करीब 10 दिन इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली और वह वापस घर लौट आईं. लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दोबारा ब्रेन स्ट्रोक आया.

बोकारो से रांची RIMS तक चला इलाज

इसके बाद प्रतिमा को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची RIMS रेफर कर दिया. परिजन उन्हें रांची लेकर पहुंचे, जहां करीब दो महीने तक उनका इलाज चला. लेकिन इलाज के दौरान प्रतिमा की मौत हो गई.

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

प्रतिमा के पति हरिचरण महतो जरीडीह के तिलैया के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि प्रतिमा के तीन छोटे बच्चे हैं. पत्नी की मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों की परवरिश की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है.

हरिचरण महतो ने सरकार और जिला प्रशासन से परिवार को मुआवजा देने के साथ ही अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण में परिवार को सहारा मिल सकेगा.

वहीं, प्रतिमा के साथ काम करने वाली होमगार्ड जवान आशा कुमारी ने भी सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार