बोकारो (BOKARO): जिले के गोमिया प्रखंड से दहेज प्रताड़ना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय विवाहिता पिंकी कुमारी ने कथित रूप से ससुराल पक्ष की लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली. बता दें, घटना घरवाटांड़ क्षेत्र की है जहां मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है की है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल वाले दहेज में ‘टाटा सायरा’ गाड़ी की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर पिंकी के साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया. पिंकी की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
इस घटना के बाद मृतका के भाई सुधीर यादव ने तेनुघाट ओपी में दिए आवेदन में बताया कि पिंकी की शादी 29 अप्रैल 2026 को गोमिया पड़रिया निवासी संतोष यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे. परिजनों के अनुसार 23 जून को पिंकी जब ससुराल पहुंची तो उसके साथ फिर मारपीट की गई. उसकी चीख-पुकार सुनकर मायके पक्ष के लोग घर के अंदर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायके लाया गया, लेकिन लगातार मिल रही प्रताड़ना से वह पूरी तरह टूट चुकी थी.
बताया जा रहा है कि 26 जून को पिंकी ने अपने मायके के एक कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा शव को गोमिया मोड़ पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया. फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
