Tnp desk: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड से एक लापरवाही की घटना सामने आई है, जहां एक छोटी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ गई थी. गोमिया-बोकारो थर्मल रेल लाइन पर हजारी रेलवे क्रासिंग के पास एक अधेड़ की जरा सी चूक ने उसे मौत के मुंह में धकेल दिया था. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वांग निवासी भुनेश्वर यादव को रेलवे पटरी के दूसरी ओर जाना था. उस समय पटरी पर एक मालगाड़ी खड़ी थी. जल्दबाजी में भुनेश्वर ने मालगाड़ी को गुजरने देने के बजाय मालगाड़ी के नीचे से होकर पटरी पार करने का खतरनाक फैसला ले लिया. वह अभी आधे रास्ते में ही था कि अचानक खड़ी मालगाड़ी चल पड़ी.अचानक मालगाड़ी चलने से अफरा-तफरी मच गई. भुनेश्वर यादव मालगाड़ी की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बाहर निकाला.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल को संभाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोमिया पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है. बताया जा रहा है कि उनके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट
