बोकारो: बोकारो जिला अंतर्गत गोमिया थाना क्षेत्र के हजारी मोड़ के पास राविवार देर रात एक सड़क हादसे में बोकारो थर्मल स्थित सीआईएसएफ फायर विंग के इंस्पेक्टर ए.के. शर्मा घायल हो गए.उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकराकर पलट गई.
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर ए.के. शर्मा किसी परिचित के घर से मिलकर वापस बोकारो थर्मल लौट रहे थे. इसी दौरान हजारी मोड़ के पास अचानक उन्हें झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पुलिया की साइड दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा हादसे में उन्हें हल्की चोटें आई हैं.
इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नींद की झपकी के कारण दुर्घटना होना सामने आया है. गाड़ी को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है. गनीमत रही कि हादसे में एयर बैग खुलने से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट
