बोकारो: बोकारो सिटी पार्क में सुबह की सैर के दौरान CISF के असिस्टेंट कमांडेंट पर हमला कर सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण बाउरी और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की भुजाली, 10 हजार रुपये नकद और घटनास्थल से एक चप्पल बरामद की गई है.
मॉर्निंग वॉक के दौरान किया था हमला
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सिटी पार्क में CISF के असिस्टेंट कमांडेंट हरमन खेस मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन पर भुजाली से हमला कर दिया और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 248/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
विशेष टीम ने दो आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो SP के निर्देश पर नगर DSP राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई. टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर करण बाउरी और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया. डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
20 हजार रुपये में बेच दी थी चेन
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने छिनी गई सोने की चेन चास के एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये में बेच दी थी. इसके बाद मिली रकम आपस में बांटने की योजना थी. दोनों आरोपी 10 हजार रुपये खर्च कर चुके थे, जबकि बाकी 10 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की भुजाली भी जब्त की गई है.
लोगों की करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी सिटी पार्क और आसपास के इलाकों में सुबह टहलने आने वाले लोगों पर नजर रखते थे. मौका मिलते ही वे चेन छिनतई की वारदात को अंजाम देते थे. इस मामले में चास के एक और व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है. पुलिस उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार