बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र में केबल चोरी के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया केबल तार भी बरामद कर लिया है. मामले का खुलासा बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान किया.
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात कसमार थाना क्षेत्र के मोचरो गांव में बजरंगबली मंदिर के पास से केबल तार चोरी हुआ था. चोरों ने 95 एमएम का करीब 400 मीटर लंबा केबल तार ड्रम समेत गायब कर दिया था. घटना के बाद तेलमुंगा निवासी हीरालाल जायसवाल ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर कसमार थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच के साथ-साथ गुप्त सूचना का सहारा लिया. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 21 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिगंबर कुमार पांडेय और चंदन कुमार दुबे के रूप में हुई है. दिगंबर कुमार पांडेय की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है. वह बोकारो के सेक्टर-3 स्थित क्वार्टर में रहता है, जबकि उसका स्थायी पता गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के घोरंजी गांव का बताया गया है. वहीं, 24 वर्षीय चंदन कुमार दुबे बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जैनामोड़ के मिश्रा साइड इलाके का रहने वाला है.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने केबल चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया केबल तार बरामद कर लिया गया. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. साथ ही चोरी के मामले में बचे हुए केबल को बरामद करने का प्रयास भी जारी है.
कार्रवाई में कसमार थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह, घनश्याम कुमार रवि, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार और आरक्षी मासूम रजा रिजवी शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट:संजय कुमार
