बोकारो (BOKARO): एचआईवी की रोकथाम और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बोकारो में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज यानी सोमवार को सदर अस्पताल बोकारो की ओर से सिविल सर्जन कार्यालय के पास से जागरूकता रैली निकाली गई. रैली को सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद और एचआईवी की नोडल पदाधिकारी डॉ. फ्लोरेंसा होरो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस जागरूकता रैली में विभिन्न क्षेत्रों से आई सहियाओं ने भी हिस्सा लिया.
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
बताया जा रहा है कि बोकारो जिले में एचआईवी पीड़ितों की संख्या करीब एक हजार तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पहले जिले के सभी प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया गया और अब रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है. वहीं, मंगलवार से जिले के स्कूलों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को एचआईवी के प्रति जागरूक करने का अभियान शुरू किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य लोगों को एचआईवी के संक्रमण, बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना है.
जागरूकता का उद्देश्य
एचआईवी से जुड़ी भ्रांतियों और डर को दूर करना. संक्रमित मरीजों के प्रति किसी भी तरह के सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना और पीड़ितों को सम्मानजनक और सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में एचआईवी की रोकथाम और इलाज के लिए जरूरी दवाइयां व सुविधाएं उपलब्ध हैं. ऐसे में इस जागरूकता अभियान से समाज को सिख मिल सकती है.
क्या है HIV
एचआईवी (HIV - Human Immunodeficiency Virus) एक वायरस (विषाणु) है जो मानव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immune System) को नुकसान पहुंचाता है. यह विशेष रूप से शरीर की टी-कोशिकाओं (CD4 कोशिकाओं) पर हमला करता है, जो शरीर को संक्रमण और बीमारियों से लड़ने में मदद करती हैं. यदि एचआईवी का समय पर इलाज न किया जाए, तो यह इसकी सबसे गंभीर स्थिति में बदल सकता है जिसे एड्स (AIDS - Acquired Immunodeficiency Syndrome) कहा जाता है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार
