☰
Jharkhand

बोकारो:बीएसएल कर्मचारी पर जानलेवा हमला,जीएम और ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दर्ज

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

बोकारो: स्टील प्लांट में कार्यरत एक कर्मचारी पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. घायल कर्मचारी अरविंद पासवान की पत्नी निकिता कुमारी ने एससी-एसटी थाना, बोकारो में शिकायत देकर बीएसएल के जीएम आलोक चावला और ड्राइवर विक्की कुमार यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर 2026 की रात की है, जब अरविंद पासवान रात्रिपाली की ड्यूटी पर गए थे. बाद में उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया.

निकिता कुमारी द्वारा दिए गए आवेदन के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर उनके पति के मोबाइल फोन पर कॉल आया और उन्हें मेडिकल बुक लेकर बीजीएच पहुंचने को कहा गया. पूछने पर बताया गया कि उनके पति का सिर फट गया है. इसके बाद मनोज पासवान नामक होमगार्ड उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे.

निकिता का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने अपने पति को खून से लथपथ अवस्था में इलाजरत पाया. उनके कपड़े भी खून से भीगे हुए थे. घायल अरविंद पासवान से बातचीत के दौरान कथित तौर पर उन्होंने ड्राइवर विक्की कुमार यादव पर धारदार हथियार से हमला करने और जीएम आलोक चावला के कहने पर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

शिकायत में जातिसूचक अपशब्द कहे जाने और प्रभाव का इस्तेमाल कर कार्रवाई से बचने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.फिलहाल, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं. मामले में पुलिस की जांच, संबंधित अधिकारियों का पक्ष और घटना की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है.

रिपोर्ट:संजीव कुमार