☰
Jharkhand

बोकारो: सुधा मिल्क पार्लर में दंपति पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कूड़ेदान से बरामद हुआ हथियार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो के कैंप-2 स्थित नियंत्रण कक्ष के पास सुधा मिल्क पार्लर में दुकानदार और उनकी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-1C विकास नगर निवासी 19 वर्षीय बादल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. इसकी जानकारी डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने दी.

घटना 6 नवंबर की देर रात की है. उस दौरान अज्ञात हमलावर ने सुधा मिल्क पार्लर के संचालक अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर चाकू से हमला कर दिया था. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी.

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक करीब 19 से 20 वर्ष का है और उसका एक हाथ नहीं है. इस अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर विकास नगर निवासी बादल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि वह सदर अस्पताल से घर लौट रहा था. इसी दौरान कैंप-2 स्थित सुधा मिल्क पार्लर के पास दुकानदार महिला से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने के बाद आक्रोशित होकर उसने अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर चाकू से हमला कर दिया.

कूड़ेदान से बरामद हुआ वारदात में इस्तेमाल चाकू
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के बगल में स्थित कूड़ेदान से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है. इस मामले में बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 240/26 दर्ज किया गया था. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

रिपोर्ट: संजीव कुमार