Jharkhand

चंद्रपुरा में खूनी वारदात, घर में घुसकर अपराधियों ने तीन लोगों को मारी गोली, दो की मौत

Ranchi Bureau
Ranchi Bureau
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बोकारो (BOKARO): जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र स्थित डीवीसी कॉलोनी के पश्चिमी पल्ली (पश्चिमी टोला) में गुरुवार की रात अज्ञात अपराधियों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गोली मार दी. इस अंधाधुंध गोलीबारी में सेवानिवृत्त कर्मी नरेश सिन्हा (65) और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.जानकारी के अनुसार, बेखौफ अपराधी नरेश सिन्हा के आवास में घुसे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने नरेश सिन्हा, उनकी पत्नी और बेटे रोहित सिन्हा को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.नरेश सिन्हा एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में सेवानिवृत्त हो चुके थे. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस रंजिश, लूटपाट और संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है.