☰
Jharkhand

बोकारो में युवक की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस की टीम

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो (BOKARO): माराफारी थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. झोपड़ी कॉलोनी में देर रात 26 वर्षीय अमित कुमार की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, बताया जा रहा है कि आपसी विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वाड  की भी मदद ली गई है. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं, झोपड़ी कॉलोनी में शराब और जुए के बोलबाले को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

माराफारी थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान सामने आई आपराधिक घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक दिन पहले इसी थाना क्षेत्र में साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, बच्चे के मामा ने उसे खेलने के लिए लोडेड हथियार दिया था, इसी दौरान गोली चल गई. वहीं, इसी थाना क्षेत्र में हीटाची कंपनी के कर्मचारी से 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट की वारदात भी सामने आई थी. अब 26 वर्षीय अमित कुमार की हत्या के बाद पुलिस के सामने मामले का खुलासा करने और आरोपियों की भूमिका की जांच करने की चुनौती है. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल बाकी लोगों की भूमिका का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

रिपोर्ट- संजीव कुमार