बोकारो(BOKARO): जिले के कसमार थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी अजय कुमार जायसवाल उर्फ अजय भारती ने मारपीट, जानलेवा हमला, सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि यह घटना थाना प्रभारी कुंदन कुमार के सामने हुई. मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं ने बोकारो एसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
थाने में बुलाकर मारपीट करने का आरोप
खैराचातर निवासी अजय भारती ने अपने आवेदन में बताया कि 27 अक्टूबर को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच उन्हें कसमार थाने बुलाया गया था. उनका आरोप है कि इसी दौरान सुमित वर्धन, सलवर्धन, शिव प्रसाद जायसवाल, दुर्गा प्रसाद जायसवाल, सचिन जायसवाल उर्फ राधा समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई और जान से मारने की कोशिश की गई.
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
अजय भारती का कहना है कि घटना के समय थाना प्रभारी और बाकी पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे. उन्होंने दावा किया कि थाने में लगे cctv कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने 27 अक्टूबर को ही पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. उनका आरोप है कि मामले में केवल एक आरोपी को जेल भेजा गया, जबकि अन्य को थाने से छोड़ दिया गया.
उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर गलत गतिविधियों के खिलाफ पोस्ट करने के कारण उन्हें पहले भी धमकियां मिली थीं.
SP ने जांच का दिया निर्देश
मामले को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो SP से मुलाकात की. सुरेंद्र राज ने कहा कि थाना प्रभारी के सामने ऐसी घटना होने का आरोप गंभीर है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, SP ने बेरमो SDPO को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार