बोकारो (BOKARO): जिले की पुलिस व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 11 पुलिस अवर निरीक्षकों (SI) का तबादला करते हुए उन्हें अलग-अलग थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. तबादले के बाद सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में स्थानांतरित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर योगदान रिपोर्ट भी सौंपने को कहा गया है.
आदेश के अनुसार, पुलिस केंद्र बोकारो में पदस्थापित कौशलेन्द्र कुमार और राजेश प्रजापति को बीएस सिटी थाना भेजा गया है. वहीं अमित सोनी को दुगदा थाना, कुन्दन कुमार को हरला थाना, शुभम कुमार गोप को सेक्टर-12 थाना और नितिश कुमार को बोकारो थर्मल थाना में पदस्थापित किया गया है. इन अधिकारियों को अपने नए कार्यक्षेत्र में पहुंचकर निर्धारित जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है.
इसी क्रम में विक्रम कुमार को पुलिस अधीक्षक के आवासीय कार्यालय की तकनीकी शाखा का प्रभारी बनाया गया है. तकनीकी शाखा की जिम्मेदारी संभाल रहे अजीज कुमार का तबादला पेंकनारायणपुर थाना किया गया है. इसके अलावा अजय कुमार सिंह को चास मु. थाना, वीरमणि कुमार को गांधीनगर ओपी और रवि कुमार को चास थाना में नई पदस्थापना दी गई है.
पुलिस विभाग के इस फेरबदल के बाद संबंधित थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती होगी. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी बिना किसी देरी के नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें. ऐसे में अब नए पदस्थापित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पुलिसिंग और संबंधित जिम्मेदारियों को संभालेंगे.
