☰
Jharkhand

गांधी जयंती पर बोकारो में याद किए गए बापू, ढुल्लू महतो समेत कई लोग रहे मौजूद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो(BOKARO): सेक्टर-4 स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर गांधी जयंती के मौके पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया. गांधी विचार मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए.

कार्यक्रम में धनबाद से भाजपा सांसद ढुल्लू महतो, बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह और बोकारो स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक प्रिया रंजन समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत

इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इस दौरान लोगों ने गांधीजी के जीवन और उनके विचारों को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का रास्ता आज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण है. साथ ही स्वच्छता को लेकर उनके संदेश को भी याद किया गया.

कार्यक्रम में अलग-अलग समुदायों के धर्मगुरु भी शामिल हुए. धर्मगुरुओं ने प्रार्थना और पाठ किया. इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों को लोगों के सामने रखा गया.

समारोह के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और अहिंसा का संदेश दिया गया. लोगों से अपील की गई कि गांधीजी के विचारों को सिर्फ एक दिन तक याद करने के बजाय उन्हें अपने जीवन में भी उतारने की कोशिश करें.

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी गांधीजी के बताए रास्ते पर चलने और समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता को बढ़ावा देने की बात कही.

रिपोर्ट- संजीव कुमार