☰
Jharkhand

बोकारो में कांग्रेस की विस्तारित जिला कार्यकारिणी की हुई बैठक, संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर बनी रणनीति

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): झारखंड के बोकारो जिले में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी का जनाधार बढ़ाने की दिशा में पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में गोमिया प्रखंड के स्वांग स्थित सामुदायिक भवन में कांग्रेस की विस्तारित जिला कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिलेभर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और पार्टी विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने की.

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पार्टी का झंडा फहराकर की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बेरमो विधायक जयमंगल सिंह शामिल हुए. उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. अपने संबोधन में विधायक जयमंगल सिंह ने कहा कि संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है. कांग्रेस जातिवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों को समान नजर से देखती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील की.

विधायक ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है. कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को लोगों तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ें. उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता जरूरी है.

बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला सचिव और विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्षों ने भी संगठन विस्तार को लेकर अपने विचार रखे. उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, सदस्यता अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की. जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महतो ने कहा कि बोकारो के सभी प्रखंडों, पंचायतों और बूथों पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा. इसके लिए युवाओं और महिलाओं को संगठन में अधिक से अधिक जिम्मेदारियां दी जाएंगी.

बैठक में आगामी दिनों में सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और विभिन्न प्रखंडों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया. सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और नियमित रूप से बैठकें करने का निर्देश दिया गया.

कई कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
बैठक के दौरान दूसरे राजनीतिक दलों को छोड़कर कई कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए. बेरमो विधायक जयमंगल सिंह और जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महतो ने नए सदस्यों को माला पहनाकर और पार्टी का झंडा सौंपकर उनका स्वागत किया. नए सदस्यों ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और विधायक जयमंगल सिंह के विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है. उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प भी लिया.

वहीं, बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा. विधायक ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता से ही बोकारो जिले में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी.

रिपोर्ट: संजय कुमार