बोकारो(BOKARO): चास में अपराधियों का मनोबल बढ़ता नजर आ रहा है. आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है. ताजा मामला चास थाना क्षेत्र के गुजरात कॉलोनी का है, जहां गुरुवार सुबह टहलने निकली एक वृद्ध महिला को बाइक सवार दो अपराधियों ने अपना निशाना बनाया. बदमाशों ने महिला के गले से करीब 20 ग्राम सोने की लॉकेट लगी चेन झपट ली और तेजी से मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं, पुलिस cctv फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
टहलने के दौरान बदमाशों ने बनाया निशाना
गुजरात कॉलोनी के आवास संख्या 151 में रहने वाली प्रतिमा प्रसाद गुरुवार सुबह रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकली थीं. वह अमित स्टील इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर की मां हैं. बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पीछे पहुंचे. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली. चेन में लॉकेट भी लगा हुआ था. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेजी से बाइक लेकर वहां से भाग निकले.
CCTV फुटेज के जरिए अपराधियों की तलाश
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने चास थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया गया, ताकि बाइक सवार दोनों अपराधियों की पहचान की जा सके. हालांकि, अब तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात अपराधियों की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार