बोकारो(BOKARO): बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के गेट बंद होने के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान जिला प्रशासन ने अदालत को बताया कि प्लांट के सभी बंद गेट खोल दिए गए हैं और अब वहां हालात सामान्य हैं. बोकारो के उपायुक्त की ओर से अदालत में जवाबी हलफनामा भी दाखिल किया गया. वहीं, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की ओर से भी कहा गया कि प्लांट परिसर में अब स्थिति सामान्य हो चुकी है.
दोबारा ऐसी स्थिति बनी तो तुरंत करनी होगी कार्रवाई
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्थानीय प्रशासन को साफ निर्देश दिया कि अगर भविष्य में फिर से ऐसी स्थिति बनती है, तो तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जाए. अदालत ने कहा कि हालात ऐसे होने चाहिए कि प्रभावित लोगों को बार-बार अपनी शिकायत लेकर हाईकोर्ट न आना पड़े. प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह समय रहते समस्या का समाधान करे और स्थिति को बिगड़ने से रोके.
स्थिति सामान्य होने के बाद याचिका निष्पादित
सुनवाई के दौरान अदालत ने जिला प्रशासन की ओर से दाखिल हलफनामे और SAIL के पक्ष को भी ध्यान में रखा. दोनों पक्षों ने प्लांट में हालात सामान्य होने की बात कही. इसके बाद हाईकोर्ट ने माना कि फिलहाल मामले में हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है और याचिका को निष्पादित कर दिया. हालांकि, अदालत के निर्देश से यह साफ है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा होने पर प्रशासन को तुरंत कदम उठाना होगा. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े और समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके.