☰
Jharkhand

देवर ने भुजाली से भाभी और भतीजे पर किया जानलेवा वार, पहले पिता को धारदार हथियार से उतार चुका है मौत के घाट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो में संपत्ति विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक देवर ने अपनी भाभी और भतीजे पर भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया. घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9D, स्ट्रीट नंबर 36 की है. शुक्रवार की अहले सुबह घर में घुसकर आरोपी ने मां-बेटे पर ताबड़तोड़ वार किए. हमले में सरोज देवी के सिर और उनके बेटे अमन कुमार की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं. दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संतोष कुमार और पीड़ित परिवार मूल रूप से चास के यदुवंश नगर के रहने वाले हैं. आरोपी के डर से उसका बड़ा भाई मिथिलेश प्रसाद अपने परिवार के साथ सेक्टर 9D में रहने लगा था. शुक्रवार की सुबह सरोज देवी घर का दरवाजा खोलकर झाड़ू लगा रही थीं. इसी दौरान संतोष कुमार घर में घुस आया और अपने भतीजे अमन कुमार पर भुजाली से हमला कर दिया. बेटे को बचाने के लिए सरोज देवी आगे बढ़ीं, तो आरोपी ने उनके सिर पर भी कई वार कर दिए.

इस हमले में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं, हमले के दौरान आरोपी संतोष कुमार को भी मामूली चोट आई है. पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. परिवार के सदस्यों ने बताया कि आरोपी पहले भी अपने बड़े भाई मिथिलेश प्रसाद पर भुजाली से हमला कर चुका है. इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था. इसके अलावा परिवार ने संतोष पर अपने पिता की हत्या करने का भी गंभीर आरोप लगाया है. बड़े भाई मिथिलेश प्रसाद के अनुसार, आरोपी ने पहले उनके पिता की भी भुजाली मारकर हत्या कर दी थी.

घटना की सूचना मिलने के बाद हरला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर घटना संपत्ति विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

रिपोर्ट : संजीव कुमार