☰
Jharkhand

बड़ी खबर: सरायकेला में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, 22 वर्षीय युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-18 किया जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

सरायकेला(SARAIKELA): जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड(एनएच-18) पर रावतारा चौक के सामने मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक अभिजीत गोराई( 22 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. जानकारी के मुताबिक अभिजीत गोराई अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक अभिजीत एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. उसकी शादी महज चार वर्ष पहले हुई थी. कम उम्र में उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इधर, ग्रामीणों ने रावतारा मोड़ के पास शव को रखकर एनएच-18 को जाम कर दिया है. सड़क जाम के कारण वाहनों की लबी कतार लग गई है.

युवक को पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर

मृतक की पहचान अभिजीत गोराई (22) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत अपनी बाइक के साथ रावतारा चौक के पास सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. हालांकि, टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.

फाइनेंस कंपनी में करता था काम

बताया जा रहा है कि अभिजीत गोराई एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी. महज 22 साल की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. कम उम्र में परिवार के सदस्य को खोने से गांव में भी शोक की लहर है.

ग्रामीणों ने NH-18 किया जाम

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने रावतारा मोड़ के पास सड़क पर शव रखकर NH-18 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया. स्थानीय लोग घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं. फिलहाल सड़क जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति को सामान्य कराने की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है.

रिपोर्ट- बीरेंद्र कुमार