International

FIFA WORLD CUP 2026: थर्ड पार्टी दखल के आरोप में फीफा ने नेपाल फुटबॉल संघ को किया सस्पेन्ड

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): 11 जून से शुरू हुए FIFA वर्ल्ड कप 2026 से बड़ी खबर सामने आई है. FIFA ने थर्ड पार्टी के हस्तक्षेप से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप में ऑल नेपाल फुटबॉल एसोसिएशन (ANFA) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह फैसला नेपाली फुटबॉल प्रशासन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद लिया गया है. इससे पहले नेपाल की नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ने भी एएनएफए को तीन महीने के लिए निलंबित किया था, हालांकि बाद में उस निर्णय को वापस ले लिया गया था. फीफा ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि फीफा काउंसिल के ब्यूरो ने फीफा नियमों के आर्टिकल 14 पैराग्राफ 1(आई) और 3 के तहत थर्ड पार्टी दखल से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण यह कार्रवाई की है. 24 जून 2026 से लागू इस निलंबन के बाद एएनएफए ने फीफा सदस्यता से जुड़े सभी अधिकार अगले आदेश तक खो दिए हैं.

निलंबन के कारण अब नेपाल की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम और नेपाली क्लब फीफा तथा एशियाई स्तर की किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. इसके अलावा एएनएफए, उसके सदस्य संगठनों और अधिकारियों को फीफा एवं एएफसी से मिलने वाली वित्तीय सहायता भी बंद कर दी गई है. फीफा ने स्पष्ट किया है कि निलंबन की अवधि के दौरान एएनएफए के अधिकारी और प्रतिनिधि किसी भी विकास कार्यक्रम, प्रशिक्षण कोर्स, कार्यशाला या तकनीकी गतिविधि में भाग नहीं ले सकेंगे. साथ ही सभी संबंधित फुटबॉल संगठनों और संस्थाओं को निर्देश दिया गया है कि वे निलंबन हटने तक एएनएफए या उसकी टीमों के साथ किसी भी प्रकार का खेल संबंध न रखें.

आपको बता दें, फीफा ने साफ कहा है कि यदि नेपाल फुटबॉल प्रशासन से जुड़े विवाद और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सुधार होता है तो अगली फीफा कांग्रेस से पहले भी निलंबन हटाया जा सकता है. फीफा के नियमों के अनुसार प्रत्येक सदस्य संघ को स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहिए और उसके प्रशासन में किसी भी बाहरी संस्था का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए. नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित सदस्य संघ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.

TagsSPORTS