☰
International

बड़ी खबर: बस-ट्रक की टक्कर में 22 लोगों की मौत, कई घायल, जानिए कहां का है मामला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):  अफ्रीकी देश केन्या से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना एक यात्री बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर के कारण हुई. हादसे में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. माकुएनी काउंटी के कमिश्नर अब्दुल्लाही खलीफ ने भी इस बात की आशंका जताई है कि हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ सकती है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

यह दुर्घटना केन्या की राजधानी नैरोबी को तटीय शहर मोम्बासा से जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्ग पर हुई. फिलहाल हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हालांकि, केन्या में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार और सड़कों की खराब स्थिति को अक्सर प्रमुख कारण माना जाता है. इस हादसे के बाद एक बार फिर देश में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. खास बात यह है कि जिस राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई, वहां पहले भी कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद इस मार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए गए सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

बता दें इससे पहले इस भीषण हादसे से महज तीन सप्ताह पहले भी इसी राजमार्ग पर एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी. केन्या के राष्ट्रीय परिवहन और सुरक्षा प्राधिकरण के अनुसार, राजमार्ग का यह हिस्सा पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र यानी ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित है. यहां सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए पहले भी कई सुझाव दिए जा चुके हैं. इसके बावजूद लगातार हो रहे हादसों ने चिंता बढ़ा दी है. ताजा दुर्घटना के बाद अब इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.