☰
International

बड़ी खबर: दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 39 लोगों की गई जान, जाने कहां का है मामला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): स्पेन में ट्रेनों की जोरदार टक्कर वाली खबर सामने आ रही है जहां बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में करीब 39 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है. हादसा मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में हुआ. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि नहीं की है.

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में दो हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गईं. स्पेन के सरकारी प्रसारक TVE की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में जा रही थीं. इसी दौरान एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. स्पेन के रेल नेटवर्क ऑपरेटर ADIF ने भी दो ट्रेनों के बीच टक्कर की पुष्टि की है.

घायलों के इलाज के लिए तैयार किया गया स्पोर्ट्स पवेलियन

हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है. पास के शहर उर्दा के मेयर मैनुअल गैलन ने TVE को बताया कि दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं. घायलों की मदद और इलाज की व्यवस्था के लिए सिविल प्रोटेक्शन अधिकारियों ने टाउन हॉल से एक स्पोर्ट्स पवेलियन तैयार करने को कहा है.

वहीं, पास के गांव लॉस येबेनेस के मेयर जीसस पेरेज ने हादसे को बेहद गंभीर बताया. कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख एमिलियानो गार्सिया-पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि वह दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं.

हाई-स्पीड रेल लाइन पर यातायात बंद

दुर्घटना के बाद मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है. क्षेत्रीय प्रशासन के एक प्रवक्ता के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) रेनफे (Renfe) और इर्यो (Iryo) की ट्रेनें टकराई थीं. हादसे में इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. फिलहाल दुर्घटना के कारणों और हताहतों की संख्या का पता लगाया जा रहा है.