☰
INDIA

दिल्ली में प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में, जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस तक बढ़ी निगरानी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK); दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है. इसी बीच यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह गुरुग्राम में हिरासत में ले लिया गया. इस कार्रवाई के बाद पार्टी ने विरोध जताते हुए हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग की है.

प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में

शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस की मदद से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया. हालांकि, उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुई है. ध्रुव राठी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही थी. उन्होंने लोगों से भी प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की थी. इससे पहले वह बेंगलुरु में SIR के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे. ऐसे में दिल्ली में प्रदर्शन से ठीक पहले उनकी हिरासत चर्चा का विषय बन गई है.

जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में बढ़ी सख्ती

CJP के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. कई जगहों पर समर्थकों के जुटने के बाद पुलिस उन्हें हटाती नजर आई. कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की भी खबर है. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कुछ सड़कों पर कीलें लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

CJP ने प्रेस रिलीज जारी कर ध्रुव राठी की हिरासत पर सवाल उठाए हैं. पार्टी से जुड़े दीपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, "ये ताकत नहीं, डर की निशानी है."

दिल्ली की सीमाओं पर भी पुलिस की नजर

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई है. दिल्ली की सीमाओं पर निगरानी रखी जा रही है और करीब 12 जगहों पर पुलिस पिकेट बनाए जाने की जानकारी है. रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. MG रोड पर वाहनों की जांच की जा रही है, जबकि महरौली में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है.

मेट्रो और ट्रेनों पर असर की खबरें

प्रदर्शन के बीच कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद करने, डिटेंशन सेंटर बनाने और रेलवे सेवाओं पर असर पड़ने की खबरें भी सामने आई हैं. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जुड़ी करीब 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी भी दी गई है. वहीं, इंडिया गेट के आसपास इंटरनेट सेवा बंद रखने की बात कही गई है. हालांकि, इन व्यवस्थाओं को लेकर आधिकारिक पुष्टि जरूरी है.

फिलहाल, ध्रुव राठी की हिरासत की वजह सामने नहीं आई है. दूसरी ओर, SIR के खिलाफ प्रदर्शन की मांग और पुलिस की सख्ती के बीच दिल्ली में हालात पर नजर रखी जा रही है.