INDIA

पति को मौत की नींद सुलाकर प्रेमी संग फरार हुई पत्नी, जौनपुर में सनसनीखेज हत्याकांड का हुआ खुलासा

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

 टीएनपी डेस्क (TNP DESK): उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध के चलते एक युवक की हत्या किए जाने का आरोप उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर लगा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सो रहे पति की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

यह घटना बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुआही वार्ड नंबर-8 की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 27 वर्षीय चंद्रदीप के रूप में हुई है. परिवार के मुताबिक, शुक्रवार रात चंद्रदीप ने घर पर भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया. आरोप है कि देर रात उसकी पत्नी वंदना ने अपने कथित प्रेमी राजेश कुमार के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश को अंजाम दिया. दोनों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी महिला और उसका प्रेमी घर से फरार हो गए.

शनिवार सुबह जब परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर बदलापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सके.

मृतक के पिता लालजी गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपनी बहू वंदना और उसके कथित प्रेमी राजेश कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में भी प्रेम संबंध से जुड़ा एक चर्चित हत्याकांड सामने आया था. उस मामले में एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था. पुलिस के अनुसार, पति को पहले नींद की गोलियां देकर बेहोश किया गया और बाद में जहरीले सांप की मदद से उसकी जान ले ली गई. जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इंटरनेट के जरिए ऐसे मामलों की जानकारी जुटाई थी. इन घटनाओं ने एक बार फिर प्रेम संबंधों से जुड़े अपराधों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

TagsCRIME