☰
INDIA

आखिर क्यों लौरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए आमिर खान! सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी धमकी

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लेकर सोशल मीडिया पर एक कथित धमकी भरा पोस्ट और ऑडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह पोस्ट और ऑडियो खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से साझा किया गया है. वायरल संदेश में आमिर खान को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकियां दी गई हैं. हालांकि, अभी तक इन पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

वायरल पोस्ट में आमिर खान पर देश और संस्कृति के खिलाफ काम करने तथा कथित तौर पर "लव जिहाद" को बढ़ावा देने जैसे आरोप लगाए गए हैं. इसके साथ ही संदेश में कहा गया है कि जो भी ऐसे कार्यों का समर्थन करेगा, उसे उनके तरीके से जवाब दिया जाएगा. पोस्ट में कई अन्य विवादित बातें भी लिखी गई हैं और राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बच्ची के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कुछ राजनीतिक लोगों पर आरोप लगाए गए हैं. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपियों को बचाने की कोशिश की गई तो उसके परिणाम भुगतने होंगे. संदेश के अंत में प्रवेश और हिमांशु नाम के दो लोगों का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई है.

मामले को लेकर पुलिस सूत्रों का कहना है कि अब तक आमिर खान, उनके परिवार या उनकी टीम की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसी वजह से फिलहाल कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है. मुंबई पुलिस का कहना है कि उन्हें भी इस कथित धमकी की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट तथा वॉइस नोट के जरिए मिली है.

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर कई बार फर्जी अकाउंट बनाकर या किसी गैंग के नाम का इस्तेमाल कर इस तरह के भ्रामक और धमकी भरे संदेश प्रसारित किए जाते हैं. इसलिए वायरल हो रहे पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदेश वास्तव में किसने जारी किया और इसका स्रोत क्या है.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. यदि आमिर खान या उनकी टीम की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाती है और जांच में धमकी की पुष्टि होती है, तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जांच एजेंसियां वायरल सामग्री की सत्यता और उसके पीछे की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हैं.