☰
INDIA

पत्नी ने चाय बनाने से किया इनकार तो पति ने किया खौफनाक कांड, 12 साल के बेटे के सामने ही.....

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

tnp desk:  उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चाय बनाने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात 12 साल के बेटे के सामने हुई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.

मिली जानकारी के मुताबिक गोंडा जिले के कुटिया थाना क्षेत्र के धारा गांव का रहने वाला मनोज कुमार शुक्ला शराब पीने का आदी था.  वह अक्सर शराब के नशे में घर लौटता था और अपनी पत्नी के साथ विवाद करता था. शुक्रवार की रात भी मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा. इसके बाद उसने अपनी पत्नी सुमन से चाय बनाने की जिद की. पत्नी ने जब चाय बनाने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सुमन के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर हमले के कारण सुमन की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना उनके 12 वर्षीय बेटे के सामने हुई. वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना के बाद मासूम बेटे ने पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.

शराब की लत ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

बताया जा रहा है कि मनोज और सुमन की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. मां की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है वहीं पिता भी हत्या के आरोप में फरार है. जिस घर में कभी परिवार साथ रहता था वहां अब मातम पसरा हुआ है. एक छोटी-सी बात से शुरू हुआ विवाद इतना भयावह हो गया कि एक परिवार पूरी तरह बिखर गया. अब दोनों मासूम बच्चों के सामने मां के बिना जिंदगी गुजारने की चुनौती है.