मुंबई: रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की आराेप में पुलिस ने एक युवक को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने दो अन्य को भी गिरफ्तार किया है. फिलहाल सभी लोगों से पूछताछ कर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. जानकारी के अनुसार पुलिस ने बिहार के ऋतिक कुमार, हरियाणा के फूल सिंह और रेहान को गिरफ्तार किया है. तीनों की गिरफ्तारी राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और मुंबई पुलिस और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में की गई.
पुणे जयपुर सुपरफास्ट से भागा था राजस्थान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद आरोपी पुणे जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से कोटा भाग गए थे. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजस्थान पुलिस के सहयोग से कोटा के रेलवे कॉलोनी से तीनों को गिरफ्तार किया. अब पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरा मामला।पता लगाने की कोशिश में जुटी है. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि उन्हें टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का आदेश या निर्देश किसने दिया और उनके पास हथियार कहां से आया.
कल शाम में की थी फायरिंग
बता दें कि रविवार की शाम मुंबई के जुहू इलाके में एक पार्क में फुटबॉल खेल घर लौटते वक्त बाइक सवार तीन अपराधियों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें उनके ड्राइवर समेत एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी थी. हालांकि गनीमत रही कि सभी लोग खतरे से बाहर हैं वहीं टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी. घटना के बाद मुंबई में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस 15 अलग टीमें गठित कर छानबीन में जुट गई थी. मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी जानकारी लेते हुए पुलिस को कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया था. इधर घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खास अनमोल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिम्मेवारी लेते हुए कहा था कि सलमान खान के साथ जो भी रहेगा उसके साथ इसी तरह की घटना को अंजाम दिया जाएगा.