नई दिल्ली: लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ के संबंध में एक निजी न्यूज चैनल द्वारा कथित सेक्स रैकेट से जोड़े जाने के मामले का संज्ञान अब महिला आयोग ने लिया है. महिला आयोग ने स्वयं संज्ञान लेते हुए चैनल को नोटिस जारी किया है और सूचना प्रसारण मंत्रालय से अगले 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा है. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह मीडिया क्षेत्र के संबंधित नियमन करने वाले, प्रशासनिक और खुद नियम बनाने वाले निकायों के माध्यम से मामले में तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे.
आयोग ने भारतीय प्रेस परिषद, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निगरानी केंद्र, न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन और डिजिटल पब्लिशर्स कंटेंट ग्रीवेंस काउंसिल जैसे निकायों की भूमिका पर जोर दिया है. आयोग ने मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है. साथ ही, महिलाओं के खिलाफ बदनामी और डिजिटल माध्यमों से होने वाली प्रताड़ना को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया है. आयोग का मानना है कि महिलाओं की प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के मामलों में संबंधित संस्थाओं को समयबद्ध तरीके से कदम उठाने चाहिए.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया नियम) नियम, 2021 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. आयोग ने स्पष्ट किया कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है. खबरों के प्रकाशन और प्रसारण में तथ्यों की सटीकता, महिलाओं की गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा का ध्यान रखा जाना चाहिए. बता दें कि न्यूज चैनल ने गलत खबर प्रसारित करने के बाद फिर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी और बिना तथ्य के खबर चलाये जाने को लेकर खेद जताया था.